
रीवा. नौवस्ता के बैजनाथ में सीमेंट फैक्ट्री के गटर में एक युवक का क्षतविक्षत शव मिला है। युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मर्क्युरी में रखवा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या की संभावना से इंकार नहीं कर रही है।
बताया गया कि रविवार रात अल्ट्राट्रेक प्लांट की कॉलोनी में स्थित गटर में एक युवक का शव कर्मचारियों ने देखा। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव -25 से 30 वर्ष के युवक का बताया जा रहा जिसकी मौत दो दिन पूर्व हुई थी। सीन आफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक डा. आरपी शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हत्या की आशंका
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया लेकिन शव क्षतविक्षत होने से बाहरी चोट नजर नहीं आई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान करने का प्रयास किया लेकिन युवक को कोई नहीं पहचानता था। वह फैक्ट्री के अंदर ■ कैसे पहुंचा यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की संभावना से इंकार नहीं कर रही है। जिस गटर में शव मिला है उसके किनारे बाऊंडी और ऊपर रेलिंग लगी है। ऐसे में युवक के दुर्घटनावश गटर में गिरने की संभावना कम है। मृतक युवक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी फोटो सभी थानों को भिजवाई है। स्थानीय लोगों ने किया विरोधः घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंच गए जो फैक्ट्री प्रबंधन पर आरोप लगाने लगे। उन्होंने हंगामा करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर शांत करवाया।