
इंदौर/भोपाल. मध्यप्रदेश के कई जिलों में रविवार दोपहर 12.30 बजे के बाद भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 12.54 बजे धार, बड़वानी और आलीराजपुर में भूकंप के झटके आए। यहां रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.0 रेकॉर्ड की गई। भूकंप का हाइपोसेंटर 10 किलोमीटर गहराई में था। प्रभावित जिलों में इंदौर, झाबुआ और खरगोन भी शामिल है। यहां भी झटके महसूस किए गए। अपने घरों में चीजों को हिलते देख लोग बाहर निकल आए। कुछ देर लोग दहशत में रहे। इससे पहले पिछले साल नवंबर में जबलपुर समेत छह जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। तब भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.3 मापी गई थी।
अरुणाचल में भी भूकंप के झटके
अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दोपहर 12.12 बजे झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 आंकी गई। किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।